अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा ने यूजीसी रेगुलेशन के विरोध में प्रदर्शन किया
नियमावली में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग छात्रों के अधिकारों पर तो विशेष ध्यान दिया गया

गाजीपुर।जिले में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा ने बुधवार को यूजीसी रेगुलेशन,2026 के विरोध में प्रदर्शन किया।संगठन के युवा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान युवा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा 15 जनवरी 2026 को अधिसूचित यह नियमावली गंभीर संवैधानिक और कानूनी सवाल खड़े करती है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अधिसूचना के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में 90 दिनों के भीतर इक्विटी कमेटियों का गठन किया जाना है। इन कमेटियों को शिकायतों की जांच का अधिकार दिया गया है। राजकुमार सिंह का आरोप है कि यह अधिसूचना संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 में निहित समानता के अधिकार की भावना के अनुरूप नहीं है।उनका कहना है कि नियमावली में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग छात्रों के अधिकारों पर तो विशेष ध्यान दिया गया है, लेकिन सामान्य वर्ग के छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की पूरी तरह अनदेखी की गई है।सिंह ने आगे कहा कि यह नियम समान अवसर के सिद्धांत को कमजोर करता है और संविधान की मूल संरचना के विपरीत है। इसके अतिरिक्त, झूठी या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर किसी प्रकार के दंडात्मक प्रावधान का न होना इस अधिसूचना के दुरुपयोग की आशंका को बढ़ाता है।संगठन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में इस नियम के लागू होने से विश्वविद्यालय परिसरों में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। महासभा युवा का कहना है कि देश की बड़ी आबादी सामान्य वर्ग की है और इस तरह की नीतियां उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करती हैं।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा ने सरकार से मांग की है कि UGC की इस अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और सभी वर्गों के छात्रों के लिए एक निष्पक्ष, संतुलित और संविधानसम्मत नीति बनाई जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक अधिसूचना वापस नहीं ली जाती, तब तक वह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध जारी रखेगा।इस मौके पर मंडल महासचिव भूपेंद्र सिंह,अवधेश सिंह,अनिल सिंह,अमन सिंह, शेषनाथ सिंह,शिवम सिंह,हंसराज सिंह,विशाल सिंह,विनोद सिंह और रवि प्रताप सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



