फेसबुक-व्हाट्सऐप के जरिये भाजपा नेता से 30 हजार की साइबर ठगी
उनके फेसबुक मैसेंजर आईडी पर उनके पूर्व परिचित राजेश चौरसिया के नाम से संदेश आया

गाजीपुर।कासिमाबाद क्षेत्र में फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सऐप के माध्यम से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने परिचित बनकर भाजपा नेता से संपर्क किया और सेकेंड हैंड सामान दिलाने के नाम पर उनके खाते से 30 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ ही कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।रामगढ़ निवासी धर्मेन्द्र नाथ राय ने बताया कि 21 जनवरी को उनके फेसबुक मैसेंजर आईडी पर उनके पूर्व परिचित राजेश चौरसिया के नाम से संदेश आया। मैसेज में बताया गया कि उनके एक मित्र,जो सीआरपीएफ में अधिकारी हैं,उनसे संपर्क करेंगे और कुछ मदद की आवश्यकता है।इसके बाद 22 जनवरी को पीड़ित के व्हाट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और मैसेज आया।कॉल करने वाले ने खुद को सीआरपीएफ से जुड़ा बताते हुए सेकेंड हैंड सामान दिलाने के नाम पर 90 हजार रुपये की मांग की।पूरी रकम उपलब्ध न होने की बात कहने पर भेजे गए क्यूआर कोड के माध्यम से पीड़ित ने अपने पेटीएम खाते से पहले 2000 रुपये और फिर 28 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद जब पीड़ित ने इस संबंध में राजेश चौरसिया से बात की,जो वर्तमान में अपर जिलाधिकारी बहराइच के पद पर कार्यरत हैं,तब उसे ठगी का एहसास हुआ।इसके बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रति, चैट और कॉल से संबंधित स्क्रीनशॉट तहरीर के साथ संलग्न कर कोतवाली में सौंपे गए हैं।पीड़ित ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।कोतवाल राजनरायन ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से ठगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



