28 वर्षीय सरिता यादव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत मची सनसनी
28 वर्षीय सरिता यादव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत मचा हड़कंप

बहरियाबाद गाजीपुर।थाना क्षेत्र के बेलवरिया वृंदावन गांव में सोमवार को 28 वर्षीय सरिता यादव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दावा किया है, जबकि मायके वाले उसकी मौत को संदिग्ध मान रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सरिता यादव की शादी बेलवरिया वृंदावन निवासी तेज प्रताप यादव’तेजू’ के साथ हुई थी। वह मऊ जनपद के बस्तियार चक निवासी रामसमुझ यादव की पुत्री थी। उसे चार साल का पुत्र किट्टू है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम को सरिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। बहरियाबाद पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटके शव को नीचे उतारकर बिस्तर पर लिटा दिया था। मृतका के भाई राहुल ने पुलिस को बताया कि सरिता रविवार को ही अपने पति के साथ मायके से ससुराल आई थी। उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि सरिता ने फांसी लगा ली। बहरियाबाद थाने के प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार गौड़ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



