कुमार पहलवान की स्मृति में पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया
आज भी पहलवानों के दिलों में बसते हैं कुमार पहलवान

गाजीपुर।नाग पंचमी के अवसर पर पांडेयपुर राधे गांव स्थित खाकी बाबा परिसर में पूजन-अर्चन के साथ स्व. कुमार पहलवान की स्मृति में पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए एक-दूसरे के विरुद्ध जमकर दांव-पेंच आजमाए।दंगल का विधिवत शुभारंभ रामकिशुन राजभर ने पूजन-अर्चन कर तथा पहलवानों से हाथ मिलाकर किया।इस दौरान “बजरंग बली की जय” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।कार्यक्रम के दौरान कुश्ती के अलावा ऊँची कूद, लंबी कूद और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों का भी आयोजन हुआ,जिसमें क्षेत्रीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।रामकिशुन राजभर ने कहा, “कुश्ती हमारी प्राचीन अनमोल विरासत है,लेकिन आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया की चकाचौंध में इस माटी के खेल से दूर होती जा रही है।ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी परंपराओं को संजीवनी मिलती है, बल्कि युवा प्रतिभाओं को मंच भी मिलता है।इस मौके पर पूर्व विधायक कालीचरण राजभर,प्रधान सतीश कनौजिया,सुभाष राजभर,सुधीर,चंद्रशेखर पहलवान,आदि मौजूद रहे।



